Wednesday, 12 December 2018

स्कन्द चिकित्सा

!(1)स्कंदग्रहचिकित्सा - स्कंदग्रह से पीडित बालकों को वायुनाशक वृक्षों के पत्तों के क्वाथ से स्नान कराना श्रेष्ठ होता हैं। और उन्हीं के मूल से तैल पकाकर उसमें सर्वगंधा, आँटे का माँड, महानिंब इन सबको डाल कर इस तैल से बालक के शरीरपर मर्दन करें। देवदारु , रास्ना, काकोल्यादि घृत को दूध के साथ मिलाकर पिलावें, सरसौं साँप की केंचुली, वच, काकादनी, घृत तथा ऊँट, बकरी, भेड, और गौ के बाल मिलाकर बालक को धूप देना चाहिये। सोमवल्ली, इंद्रवृक्ष,जांट, बिल्ववृक्ष के काँटे की नोंक निकाल कर वे नोंकरहित काँटे और ईन्द्रायण की जड़ इनको लाल धागे में गूँथकर गले या हाथ में धारण करायें।
बलिदानविधि -- सूर्यास्त के बाद रक्तपुष्प, लाल छोटीं धजाएं, अनेक प्रकार के लौंग,जायफल,ऐलची, अत्तर आदि सुगंध तथा कईं प्रकार के बड़े,पूरे,भात,आदि भक्ष्य और आँटा गूँदकर मूर्गे की मूर्ति बनाकर वाँस की टोपली में - इन सबको रखकर चौराहे में बालक के हित के लिये घंटा बजाकर बलिभेंट करना चाहिये।
हाथ में जल लेकर संकल्प करें -- "(तपसां तेजसां चैव यशसां वपुषां तथा। निधानं योव्ययोः देवः स ते स्कंदः प्रसीदतु। ग्रहसेनापतिर्देवो देवसेनापतिर्विभुः। देवसेनारिपुहरः पातु त्वां भगवान्गुहः। देवदेवस्य महतः पावकस्य च यः सुतः। गंगोऽमाकृत्तिकानां च स ते शर्म प्रयच्छतु। रक्तमाल्यांबरः श्रीमान् रक्त चंदनभूषितः। रक्तदिव्यवपुर्देवः पातु त्वां क्रोंचसूदनः।।---- अनेन बलिदानेन स्कन्दः प्रीयताम्।। सुश्रुत संहिता उत्तर २८/९-१२।।)"
इस प्रकार तीनरात तक चौराहेपर बलि देकर अपने शरीर पर जल छिंडकने के बाद घर आकर घर के बहार स्नान करके, ब्राह्मण द्वारा अभिमंत्रित गायत्रीमंत्र के जल का स्वयं आचमन कर, बालक को भी पीलावे। तदनन्तर प्रज्वलित अग्नि में घृतमिश्रित जौ और चावल की २८/२८ आहुतियाँ ब्राह्मण द्वारा गायत्रीमंत्र की दे - आहुति के अन्त में इदं सवित्रे न मम " उच्चार स्वयं करे।
(2) स्कंदापस्मार चिकित्सा - बिल्व, शिरीष, सफेद दूर्वा आदि के क्वाथ मिश्र जल से बालकको स्नान करायें, एलादिगण से पकाया हुआ तैल मर्दन करे। गूलर, पीपल, बरगद आदि के क्वाथ में तथा काकोल्यादि घृत में दूध मिलाकर बालक को पिलाये। वच, हींग मिलाकर उबटन कर गीध, उलूक इनकी बीट और पंख, हाथी के नख, घृत, बैल के बाल इनको मिलाकर बालक को धूप देवे। उत्पल,सारीवा, सेमल, कंदूरी तथा किवांच - इन में से किसी जड़ को गले या हाथ में बाँधे।
बलिदानविधि - सूर्यास्त के बाद जल में पके हुएं उड़िद में हींग मिलाकर, रतांजली का जल और दूध -- ये सब वांस की टोकरी में रखकर उद्यान में गड़्डा खोदकर उसमें रखे और हाथ में जल लेकर संकल्प करे - "( स्कंदापस्मार संज्ञो यः स्कंदस्य दयितः सखा। विशाखसंज्ञश्च शिशोः शिवोस्तु विकृताननः।।) जल बलिद्रव्यों पर छोड दे -- अनेन बलिदानेन स्कंदापस्मार प्रीयताम्।। बालक को चौराहे पर " स्कंदापस्मार" आदि उक्त मंत्र से स्नान करायें।। सुश्रुत संहिता उत्तर ० अ २९/६-८।।)"


अद्वैत में भक्ति

अद्वैत में भक्ति

जैसे एक बिद्ध काँटा को निकलने के लिए किसी अन्य काँटा का उपयोग होता है, वैसे मायाधीन या अविद्यावान होनेका भ्रम निवारण हेतु मायाधीश के भक्तिरूपी भ्रम अन्तःकरण के मल-विक्षेप निवारण द्वारा सहायक हैं ।

अपरोक्षानुभूति से पहले शुद्धसत्त्व-उपाहित चैतन्य का ही बोध संभव हैं --- जैसे प्रत्यक्षतः सूर्यदर्शन करने का सामर्थ न हो तो स्वच्छ दर्पण में प्रतिबिंबित सूर्य देखना संभव हैं ।

सम-सत्ताक वस्तु में बाध्य-बाधक भाव होना प्रसिद्ध है - स्वप्न में जल से स्वप्नगत तृष्णानिवृत्ति होती है । संसार एवं भक्ति सम-सत्ताक है, अतः संसार-निवृत्ति हेतु भक्ति सहायक होनेमें आश्चर्य क्या है !

आत्मज्ञान के उपरान्त भी प्रारब्धभोग काल तक द्वैताभास रह जाता है ।  अधिष्ठान का अवभास एवं द्वैताभास - इस स्थिति में आरुढ़ आत्मज्ञानी अविद्यालेशप्रयुक्त भक्तिद्वैत में लीन रहते है - इसे पराभक्ति भी कहा जाता है -

सत्यपि भेदापगमे नाथ तवाहं न मामकीनस्त्वम् ।
सामुद्रो हि तरंगः क्वचन समुद्रो न तारंगः ॥

~ श्री शंकराचार्य

तस्यैवाहं ममैवासौ स एवाहमिति त्रिधा ।
भगवच्छरणत्वं स्यात् साधनाभ्यास पाकतः ।।

~ न्यायरत्नावली अष्टम श्लोक

त्रिदेव रहस्य

त्रिदेव रहस्य।।

पुराणादि शास्त्रों में अधिकांश लोगों को यह सुनने में आता है त्रिदेवों की कथाएँ और त्रिदेवों से भी अन्य कोई है।

यह सदैव एक रहस्य लोगो के मन मे आता है कि त्रिदेवों से अन्य या अतिरिक्त कौन क्योंकि सभी पुराणों में विभिन्न त्रिदेव और उनके उतपत्ति कारण बतलायें जाते हैं।

किन्तु क्या आपने सोचा है यदि त्रिदेवों से परे भी कोई है तो कौन है और उसकी जानकारी कहाँ से प्राप्त होगी?

सम्भवतः इसकी जानकारी भी उन्ही पुराणों में मिलेगी जिनमे त्रिदेवों से भिन्न किसी को बतलाया गया तो आइए जानते हैं किसे बतलाया है।

विष्णुपुराण, वामन पुराण  के अनुसार त्रिदेवों के उतपत्ति कारक विराट पुरुष नारायण है जिनके सहस्त्र शीर्ष हाथ इत्यादि है जोकि गीताजी के अध्याय ११ के नायक हैं और वो त्रिदेवों में विष्णु से परे नही साक्षात वही हैं।

शिव एवं वायु पुराण के अनुसार त्रिदेवों के अतिरिक्त सदाशिव हैं जिनके ५ मुख हैं और उनमें और त्रिदेवों के शंकर में कोई भिन्नता नहीं इस स्पष्ट कहा है उन सदाशिव ने त्रिदेवों में रुद्र साक्षात मैं ही हूँ।

ब्रह्मवैवर्त, भागवत , ब्रह्मांड पुराण के अनुसार त्रिदेव के कारण श्रीकृष्ण हैं।

भगवान आद्य शंकर की प्रबोधसुधाकर में भी शंकराचार्य जी ने श्रीकृष्ण को त्रिदेवों से अतिरिक्त एक सच्चिदानंदमयी नीलिमा कहा।

देवीभागवत में त्रिदेवो के कारण भगवती देवी और कृष्णजी भी हैं अध्याय ९ के अनुसार।

कुल मिलाकर देखा जाए तो त्रिदेवों के ऊपर जो हैं पुराणों अनुसार वह है:

विष्णुपुराण->नारायण(जोकि त्रिदेव के विष्णु से भिन्न नहीं)
वायु एवं शिवपुराण-> सदाशिव (जोकि त्रिदेव के रुद्र से भिन्न नहीं)
ब्रह्मवैवर्त, भागवत , ब्रह्मांड-> कृष्ण(जोकि त्रिदेव के विष्णु से भिन्न नहीं)
देवीभागवत-> देवी, कृष्ण( जिसमें देवी को शिवा और कृष्ण नारायण ही हैं)

अर्थात: त्रिदेव से भी ऊपर : त्रिदेव या विष्णु, या नारायण या शिव या देवी या कृष्ण।

कोई दूसरा है त्रिदेव के अलावा ?
नही।

इसलिए गीताजी के अध्याय १३ के श्लोक १६ में स्पष्ट है:

वह परमात्मा विभागरहित एक रूप से आकाश के सदृश परिपूर्ण होने पर भी चराचर सम्पूर्ण भूतों में विभक्त-सा स्थित प्रतीत होताहै।
वह जानने योग्य परमात्मा विष्णुरूप से भूतों को धारण-पोषण करने वाला और रुद्ररूप से संहार करने वाला तथा ब्रह्मारूप से सबको उत्पन्न करने वाला है।।

अतः त्रिदेव ही परमात्मा हैं परमात्मा ही त्रिदेव।
त्रिदेव से ऊपर भी यही त्रिदेव ही हैं।

सनातन धर्म का आधार ही हैं त्रिदेव
सनातन का आरंभ भी त्रिदेव और अंत भी त्रिदेव।।
इनके अतिरिक्त भी कोई और नहीं ये ही हैं।।।

त्रिदेव ही वेदों का : एक सत विप्र बहुधा वदन्ति मन्त्र को सिद्ध करते हैं

सब उनकी लीलामात्र है।

यदि कोई पाखण्डी बोले आपसे कि त्रिदेव से ऊपर कोई है तो पूछना कौन फिर वो बोलेगा कबीर इत्यादि तो आप उससे और कहना किसी अन्य बकवास पुस्तक नहीं अपितु पुराणों से ही प्रमाण दे कि कबीर इत्यादि ही है और फिर जब पुराणों से ही वह देने में असमर्थ रहै और ज्ञान गंगा इत्यादि बकवास पुस्तक से दे तो अतिशीघ्र ही उसकी पनही से पूजन कर देना।

जय श्रीराम।।।

Sunday, 9 December 2018

साम्प्रदायिकता ही प्रकृत हिन्दूधर्म है

========= 👉 साम्प्रदायिकता ही प्रकृत हिन्दूधर्म है 👈 =========

सम्प्रदाय का अर्थ कोई संकीर्णता / Sectarianism नहीं, अपितु ' सम्प्रदाय ' शब्द का अर्थ हैं ज्ञान, उपासना, कर्मकांड आदि की अनादि अविच्छिन्न आचार्य परम्परा ।

// सम्यक प्रदीयते // - जो भली प्रकार से शिष्य-प्रशिष्य को परीक्षा करके दिया जाये उस ज्ञान-परम्परा का नाम सम्प्रदाय है ।

हिन्दूधर्म में साम्प्रदायिकता गौरव की चीज़ हैं, लज्जा की बात नहीं -

// असम्प्रदायवित् सर्वशास्त्रविदपि मूर्खवदेव उपेक्षणीयः //

~ (गीता शांकरभाष्य १३.२)

पूर्वमीमांसा का सिद्धान्त है -

// तुल्यं च साम्प्रदायिकम् // ~ (जैमिनी सूत्र १.२.८)

- इसके अनुसार साम्प्रदायिक होने से ही ब्राह्मणभाग की मन्त्रभागवत् अपौरुषेयता, अनादिता सिद्ध की गयी हैं (शबरभाष्य द्रष्टव्य) ।

वेदाध्ययन के लिए साम्प्रदायिक होना अनिवार्य है । परमपूज्य भट्टपाद श्री कुमारिल ने भी कहा हैं -

// वेदस्याध्ययनं सर्वं गुर्वध्ययनपूर्वकम् । वेदाध्ययनसामान्यादधुनाध्ययनं यथा ।। //

~ (श्लोकबार्तिक ७.३६६)

" वेदाध्ययन गुरुमुखसे सुनकर होता हैं, जैसे तदनुसार ही इस समय अध्ययन प्रचलित हुआ हैं । "

श्री यास्काचार्य ने स्वयं सम्प्रदाय की प्रशंसा की हैं, और उसे जाननेवाले को ' पारोवर्यवित् ' कहा हैं -

// पारोवर्यवित्सु तु खलु वेदितृषु भूयोविद्यः प्रशस्यो भवति इत्युक्तं पुरस्तात् । //
~ (निरुक्त १.१६)

वेदार्थ में परम्परागत अर्थ का ज्ञान आवश्यक है, वह युक्तिसंगत होना चाहिए -

// अयं मन्त्रार्थचिन्ताsभ्यूहोsभ्यूढः । अपि श्रुतितोsपि तर्कतः । //

~ (निरुक्त १३.१२)

अर्थात् - मन्त्र का विचार परम्परागत अर्थ के श्रवण और तर्क से निरूपित किया हैं ।

यह भी कहा गया हैं कि परम्परागत ज्ञान प्राप्त करनेवालों में वह श्रेष्ठ हैं जिसने अधिक अध्ययन किया हैं ।

उत्तर मीमांसा (वेदान्त) में भी सम्प्रदाय का माहात्म्य स्वीकृत है -

// गुरुसम्प्रदायरहितानाम् अश्रुतवेदान्तानाम् अत्यन्तबहिर्विषयासक्तबुद्धीनां सम्यक्प्रमाणेषु अकृतश्रमाणाम् । //

~ (गीता शांकरभाष्य १८.५०)

// आत्महा स्वयं मूढः अन्यांश्च व्यामोहयति शास्त्रार्थसम्प्रदायरहितत्वात् //

~ (गीता शांकरभाष्य १३.२)

// तथा हि सम्प्रदायविदां वचनम् — ‘अध्यारोपापवादाभ्यां निष्प्रपञ्चं प्रपञ्च्यते’ इति । //

~ (गीता शांकरभाष्य १३.१३)

वेदान्त सम्प्रदाय के प्रवर्तक भगवान् नारायण है -

// वेदैश्च सर्वैरहमेव वेद्यो वेदान्तकृद्वेदविदेव चाहम् // ~ (गीता १५.१५)

// वेदान्तकृत् वेदान्तार्थसम्प्रदायकृत् इत्यर्थः // ~ (गीता शांकरभाष्य १५.१५)

// तासाम् अभ्युदयनिःश्रेयसप्राप्तिसाधनं वेदार्थसम्प्रदायमाविष्कुर्वता प्रोक्ता मया सर्वज्ञेन ईश्वरेण हे अनघ अपाप । //

~ (गीता शांकरभाष्य ३.३)

// अत्रोक्तं वेदान्तार्थ-संप्रदायविद्भिः-आचार्यैः //

~ (ब्रह्मसूत्र शांकरभाष्य २.१.१९)

पातंजल योगदर्शन में भी आचार्य सम्प्रदाय का प्रवर्तक ईश्वर है -

// पूर्वेषामपि गुरुः कालेनानवच्छेदात् // ~ (योगसूत्र १.२६)

- व्यासभाष्यादि द्रष्टव्य ।

अतः शुद्ध वैदिक-सम्प्रदायवित् व्यक्ति ही हिन्दू होता हैं ।

Saturday, 8 December 2018

स्मार्त प्रतीकोपासना की सिद्धि

स्मार्त प्रतीकोपासना की सिद्धि :-

=========== 👉 पञ्चदशी एवं वेदान्तसिद्धान्तमुक्तावली से  👈 ===========

आक्षेप :- मूर्ति के प्रति ईश्वरज्ञान करना भ्रम है, अतः मूर्तिपूजक अज्ञानी है ।

उत्तर :- ' तुष्यतु दुर्जन ' न्याय से हम यह आपत्ति स्वीकार करते है । इससे क्या निर्णय होगा ?

आक्षेप :- भगवदुपासना का फल - भगवद्प्राप्ति, मुक्ति इत्यादि नहीं मिलेगी ।

उत्तर :- यह कहना मूर्खतापूर्ण है, क्योंकि भ्रम दो प्रकार के है - संवादि भ्रम एवं विसंवादि भ्रम ।

संवादि भ्रम से वस्तुसिद्धि लोक में प्रसिद्ध ही है -

मणि की प्रभा को मणिज्ञान करना भ्रम है । किन्तु मणिप्रभा में भ्रम से मणिज्ञान कर उसे प्राप्त करनेकी इच्छा से धाबित हुई व्यक्ति को अन्त में मणि की प्राप्ति होती है । किसी ने किसी देश में वाष्प [भाप] को भ्रम से धूमज्ञान कर उस देश में अंगारों का अनुमान किया और वहाँ से अग्नि को लेने चल पड़ा । अब यदि दैवगति से उसे वहां अग्नि मिल जाय तो उसका वाष्प को धूमज्ञान करना संवादि भ्रम कहलाता है ।

शास्त्र में इसका प्रमाण मिलता है -

१. प्रतीकोपासना - // आश्रयान्तरप्रत्ययस्य आश्रयान्तरे प्रक्षेपः // किसी एक अवलंबनविषयक मनोवृत्ति की अन्य किसी अवलंबन पर प्रक्षेप करनेका नाम प्रतीकोपासना है । यथा - आदित्यादि ब्रह्मप्रतीक की ब्रह्मदृष्टि से उपासना - " आदित्यो ब्रह्मेत्यादेशः " ~ छान्दोग्य ३.१९.१, इत्यादि ।

चार प्रकार के प्रतीकोपासना है, जिसका लक्षण पद्मपुराणान्तर्गत शिवगीता में कहा गया -

सम्पदुपासना :-

अल्पगुणयुक्त वस्तु को अधिक गुणयुक्त ज्ञान कर चिन्तन का नाम है सम्पदुपासना -

अल्पस्य चाधिकत्वेन गुणयोगाद्विचिन्तनम् ॥
अनन्तं वै मन इति संपद्विधिरुदीरितः ॥

~ शिवगीता, अध्याय १२, श्लोक ११

यथा - किसी एक काल में किसी एक विषयमात्र पर व्याप्त होनेका सामर्थ्ययुक्त मन को अनन्तविषयक ज्ञान कर चिंतन - " मनोब्रह्मेत्युपासीत " ~ छान्दोग्य ३.१८.१ इत्यादि ।

आरोप उपासना :-

अंग में अंगी के संबंध का आरोप करना आरोपविधि है, इस विधि का आश्रय  लेकर उपासना का नाम आरोप उपासना है -

विधावारोप्य योपासा सारोपः परिकिर्तितः ॥
यद्वदोंकारमुद्‌गीथमुपासीतेत्युदाह्रतः ॥

~ शिवगीता, अध्याय १२, श्लोक १२

यथा - सामवेद के उद्गीथ नामक भक्ति अथवा अंश में प्रणव स्थित है - इस संबंध को लेकर प्रणव को उद्गीथ मानकर उपासना का नाम आरोप उपासना है ।

अध्यास उपासना :-

प्रत्यक्षजनित बाधज्ञान होनेपर भी शास्त्रोपदिष्ट अध्यासबुद्धिपूर्वक उपासना करने की विधि का नाम अध्यास उपासना है -

आरोपो बुद्धिपूर्वेण य उपासाविधिश्च सः ॥
योषित्यग्निमतिर्यत्तदध्यासः स उदाह्रतः ॥

~ शिवगीता, अध्याय १२, श्लोक १३

यथा - अभिगम्या नारी अग्नि नहीं है ऐसा प्रत्यक्षज्ञान के उपरान्त भी उसमें रेतःसेकरूप आहुति करनेके लिए शास्त्रोपदिष्ट अग्निबुद्धिकरण अर्थात् उसकी आवृत्ति अध्यासोपासनाविधि है ।

संवर्गोपासना :-

उपास्यवस्तु की क्रियासहित उसकी उपासना करनेका नाम संवर्गोपासना है -
क्रियायागेन चोपासविधिः संवर्ग उच्यते ॥
संह्रत्य वायुः प्रलये भूतान्येकोऽवसीदति ॥

~ शिवगीता, अध्याय १२, श्लोक १४

यथा - प्रलयकाल में जैसे संवर्ग वायु अन्य किसी वायु की सहायता के बिना ही समग्र भूतों को विनष्ट करते है, वैसे एकमात्र प्राणवायु अन्तःकरण एवं वहिःकरणरूप सभी इन्द्रियों को अपना वश में लाते है । इस प्रकार प्राण वायु को संवर्त वायु की वशीकरण क्रिया के साथ उपासना करने का नाम संवर्गोपासना है ।

उपरोक्त चार प्रकार की उपासना गुण, संबंध, शास्त्रोपदेश एवं क्रिया का ज्ञान के साथ होती है । इसलिए प्रतीकोपासना बाह्य है ।

अब आन्तर सगुण अहंग्रहोपासना का वर्णन करते है -

उपसंगम्य बुद्ध्या यदासनं देवतात्मना ॥
तदुपासनमन्तः स्यात्तद्वहिः संपदादयः ॥

~ शिवगीता, अध्याय १२, श्लोक १५

उपास्य देवता के साथ गुरुपलब्धज्ञान के बलपर अभेद / तादात्म्यचिंतन करते हुए उस सगुण देवता के स्वरुप में स्थिति का नाम आन्तर अहंग्रहोपासनाविशेष है -

ज्ञानान्तरानन्तरितसजातिज्ञानसंहतेः ॥
सम्पन्नदेवतात्मत्वमुपासनमुदीरितम् ॥

~ शिवगीता, अध्याय १२, श्लोक १६

इसका पर्यवसान निर्गुण अहंग्रहोपासना में होता है, जो मुमुक्षु की साक्षात् उपयोगी है ।

शास्त्रसिद्ध पुण्यतोया गोदावरी जल शुद्धिकारक माने जाते है । जो गोदावरीजल को भ्रमवशतः गंगाजल समझ कर उससे शुद्ध होनेके लिए प्रोक्षण करता है, वह भी शुद्ध हो जाता है । गोदावरी के जल को गंगाजल समझना यहाँ संवादि भ्रम है ।

ज्वरग्रस्त रोगी यदि रोगविकारवशतः नारायण का स्मरण भ्रम से भी करने लगे, तो वह मरण के बाद स्वर्गप्राप्त होता है । इसपर प्रमाण है -

हरिर्हरति पापानि दुष्टचितैरपिस्मृतः।
अनिच्छयाऽपि संस्पृष्टो दहत्येव हि पावकः॥

~ श्रीधरस्वामीकृत भागवत टीका ६.२.२९ में उद्धृत विष्णुधर्मोत्तर पुराणवचन

गोप्यः कामात् भयात् कंसः द्वेषात् चैद्यादयो नृपाः ।
सम्बन्धात् वृष्णयः स्नेहात् यूयं भक्त्या वयं विभो ॥

~ श्रीमद्भागवत, स्कंध ७, अध्याय १, श्लोक ३०

इसप्रकार प्रत्यक्ष, अनुमान तथा शास्त्रों में उक्त प्रकार के अनन्त संवादि भ्रम पाये जाते है । इसे स्वीकार न करनेपर उपनिषदविहित उपासनादि, यथा - " योषा वा अग्निर्गौतम " ~ बृहदारण्यक ६.२.१३ इत्यादि संगत कैसे हो सकता है ?

शास्त्रोपदिष्ट अथवा शास्त्रोनुपदिष्ट अयथार्थ वस्तुविज्ञान (वस्तु विषयक विपरीत ज्ञान) से अभीष्टफल की प्राप्ति काकतालीयन्याय (दैवगतिवशतः) से प्रसिद्ध है, तब यही संवादि भ्रम कहलाता है ।

आक्षेप :- शास्त्रलब्ध शालिग्राम इत्यादि में विष्णुमूर्ति इत्यादि विषयक ज्ञान का जब तक भावना के प्रभाव से इन्द्रियगोचरत्व न हो तब तक यह ज्ञान परोक्ष ही रहता है और परोक्षज्ञान मिथ्याअर्थात् भ्रम है ।

उत्तर - ज्ञान की परोक्षतामात्र से ज्ञान में कभी भ्रान्तिरूपता नहीं होती, अपितु विषय की असत्यता से ही भ्रान्तिज्ञान होता है । प्रमाणरूप शास्त्रद्वारा यथार्थरूप विष्णु इत्यादि की मूर्ति अवभासित होनेसे यह परोक्षज्ञान भ्रम नहीं है ।

आस्तिक पुरुष के लिए प्रतिमादि में पाषाणत्व, मृन्मयत्व इत्यादि का अपरोक्षज्ञान, परोक्ष ईश्वरज्ञान के प्रति बाधक नहीं बनता । विचार की अपेक्षा किये बिना ही शास्त्रोपदेश से शालिग्रामादि में विष्णुरूप परोक्षज्ञान का उदय होता है ।

आक्षेप :- नास्तिक पुरुष प्रतिमा में विष्णुत्व आदि लेकर विवाद करते है ?

उत्तर - श्रद्धावान पुरुषमात्र का ही वैदिक कर्म में अधिकार है, श्रद्धाहीन (नास्तिक) का नहीं । आप्तवाक्य में आस्तिक्यबुद्धि एवं उसका कार्य विश्वास - फलावश्यंभावनिश्चय - तद्रहित पुरुष के दृष्टान्त अग्राह्य है ।

इस प्रकार शास्त्रीय रीति से स्मार्त प्रतीकोपासक अधिकारी भेद अनुसार क्रमशः अध्यासोपासना, सम्पदुपासना, सगुण अहंग्रहोपासना, निर्गुण उपासना इत्यादि स्तर का अतिक्रमण करते हुए अन्त में सालोक्यादि, सायूज्य, क्रममुक्ति एवं निर्गुण ब्रह्मविज्ञान का उदय होकर सद्योमुक्ति भी लाभ करते है ।

यह पहले ही सविस्तार प्रतिपादन किया गया - https://www.facebook.com/photo.php?fbid=1967993659942934&set=a.251918044883846&type=3&theater

वेदान्त का सिद्धान्तानुसार ईश्वरचैतन्य जगत् का अभिन्न निमित्तोपादानकारण हैं, अतः सर्वव्यापी हैं । विचार करनेपर घटादि प्रत्येक जड़ वस्तु स्वयंप्रकाश निर्विशेष चैतन्यस्वरुप सिद्ध होता हैं ।

स्वयंज्योतिस्वभाव आनन्दघन असंग उदासीन आत्मचैतन्य ही अज्ञान के सम्बन्ध से द्वैताकार प्रतीत हो रहा हैं - यह #वेदान्तसिद्धान्तमुक्तावलीकार श्रीमत्परमहंसपरिव्राजकाचार्य प्रकाशानन्द स्वामी ने तर्क द्वारा सिद्ध करते हैं ।
' अचेतन मूर्ति की पूजा ' - कहकर आक्षेप करनेवाले लोग क्या करते हैं ?

सर्वव्यापी ईश्वरचैतन्य में अज्ञान से मृन्मयत्वादि धर्मों का आरोप !

वास्तव में तो ' मूर्तिपूजा ' कभी होती ही नहीं, केवल चिन्मय भगवान् की पूजा होती हैं सर्वत्र । अग्नि सूक्ष्मतत्त्व के रूप में सर्वत्र वर्तमान होते हुए भी काष्ठादि में उनकी दाह्यशक्ति का विशेष प्राकट्य हैं, वैसे ही ईश्वर सर्वत्र समान रूप से व्याप्त होकर भी शास्त्रीय विधि से पूजित मूर्ति आदि में उनकी शक्ति की विशेष अभिव्यक्ति होती हैं ।

Thursday, 6 December 2018

वैदिक वर्षारम्भ कब होता है ?

देखेंगे कि ये वर्तमान में “हिन्दु पञ्चाङ्ग (कैलेण्डर)” में इस्तेमाल होने वाले सिद्धान्तों से किस प्रकार से अलग हैं। इस चर्चा से वर्तमान में “हिन्दु नया साल” के रूप में प्रसिद्ध चैत्र-शुक्ल-प्रतिपदा के दर्जे का भी ख़ुलासा हो गाएगा। इस चर्चा से यह भी ख़ुलासा हो जाएगा कि वैदिक ज्योतिष के अंतर्गत चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर मनाया जाने वाला “हिंदू नया साल” न ही वैदिक वर्ष की शुरुआत है और न ही बसंत ऋतु की।

इस लेख से स्पष्ट होगा कि वैदिक समय के गणना की प्रणाली न केवल प्रकृति के सिद्धान्त पर ही आधारित है, बल्कि यह मानव जीवन के मापदण्डों को दैवीय मापदण्डों के साथ सामजस्य रखने के सिद्धान्त पर भी आधारित है। वैदिक वर्ष इसी सामंजस्य का उदाहरण है । इस लेख में वैदिक वर्ष की शुरुआत, जो की “सौर-चान्द्र उत्तरायण” का पहला दिन है, का भी विस्तार से वर्णन किया जाएगा ।

शिक्षा, कल्प, व्याकरण, निरुक्त, छन्द, और ज्योतिष — इन छः वेदांगों में ज्योतिष छठा वेदांग है। ज्योतिष का महत्त्व वेदांग-ज्योतिष में लगधमुनि द्वारा कुछ इस प्रकार समझाया गया है:

वेदा  हि यज्ञार्थमभिप्रवृत्ताः कालानुपूर्व्या विहिताश् च यज्ञाः ।

तस्मादिदं कालविधानशास्त्रं यो ज्योतिषं वेद स वेद यज्ञान्   ।। ३।।

अर्थात् वेद यज्ञों के लिए हैं और यज्ञ निर्धारित समय के अनुसार किये जाते हैं । (अत:) जो ज्योतिष को जानता है वही पूरी तरह से यज्ञ को समझने में सक्षम है।

सूरज पृथ्वी की सभी मौसमी गतिविधियों को प्रभावित करता है और सूरज के कारण पृथ्वी में होने वाले ऋतुपरिवर्तन को लोग आसानी से समझ सकते हैं। ऋतु के अतिरिक्त वैदिक परम्परा में चन्द्र-मास, तिथि और चन्द्र-नक्षत्र को भी बहुत महत्त्वपूर्ण माना जाता है ।

१. उत्तरायण क्या है?

पृथ्वी की धुरी का झुकाव (पृथ्वी के अपने अक्ष और कक्षा में घूमने के बीच का कोण) और इसकी सूर्य के चारों ओर चक्कर लगाने की प्रक्रिया से पृथ्वी पर ऋतु-परिवर्तन होता है।  हर वर्ष सूर्य जिस दिन पृथ्वी के सापेक्ष दक्षिणी बिन्दु तक पहुँच कर उत्तर की ओर वापस आना शुरू करता है उस दिन उत्तरायण की शुरुआत होती है।  साथ-ही-साथ यह दिन पृथ्वी के उत्तरी गोलार्ध का सबसे छोटा दिन भी होता है ।  इसके अलावा उसी दिन से उत्तरायण के पूरे होने तक  दिन की लम्बाई तब तक बढ़ती रहती है जबतक सूर्य उत्तरी बिन्दु तक नहीं पहुँच जाता। इसे वेदाङ्ग-ज्योतिष में कुछ इस तरह से समझाया गया है:

घर्मवृद्धिरपां प्रस्थ: क्षपाह्रास उदग्गतौ ।
दक्षिणेतौ विपर्यासः षण्मुहूर्त्ययनेन तु ।। ८।।

अर्थात् – उत्तरायण में हरेक दिन की लम्बाई में (नाडिका यन्त्र, या पानी की घड़ी) में १ प्रस्थ (प्रस्थ आयतन की प्राचीन इकाई है) का इज़ाफ़ा और रात की लम्बाई में उतनी ही कमी होती है। दक्षिणायन में, इसके विपरीत, दिन की लम्बाई में १ प्रस्थ की कमी और रात की लम्बाई में उतनी ही बढ़ोत्तरी होती है। एक आयन में दिन की कुल बढ़ोत्तरी या कमी छः मुहूर्तों की होती है।

इससे यह साफ ज़ाहिर होता है कि वैदिक परम्परा में सौर उत्तरायण दिन की लम्बाई के अनुसार तय किया जाता है। हालाँकि कई अन्य पद्धतियाँ, जैसे छाया की लम्बाई को नापने वाली, भी उपलब्ध हैं जिसका वर्णन कौटिल्य के अर्थशास्त्र में भी किया गया है। पर आजकल निरयण पद्धति के प्रचलित होने की वजह से मकर संक्रान्ति को उत्तरायण की शुरुआत के रूप में मनाया जाता है। पर यह दरअसल उत्तरायण (२१ दिसंबर) से २३ दिनों के बाद आता है। हालाँकि वेदांग-ज्योतिष के ऊपर लिखे श्लोक से पहले के दो श्लोकों में अयन के शुरुआत के लिए ख़ास नक्षत्रों का भी ज़िक्र है। अवलोकन के आधार पर निर्धारित नक्षत्रों का उल्लेख पहले किया गया है जो कि वेदांग-ज्योतिषी के लिखे जाने के समय के लिए उपयुक्त थी। उसके बाद सभी समय के लिए अयनारम्भ संक्रान्ति की परिभाषा दी गई है। यह पूरी तरह से वैदिक परम्परा के अनुरूप है जिसके अन्तर्गत लोगों को अयन चलन जानकारी थी। (इस शृंखला में बाद के लेखों मे इसकी चर्चा की जाएगी)

२. क्या वेदों में और वैदिक परम्परा में सौरमास आदि का प्रचलन है?

वर्तमान पद्धति में हम देखते हैं कि राशि चक्र पर आधारित सौर महीने जैसे कि मकर मास, तुला मास आदि के साथ-साथ नक्षत्र पर आधारित चान्द्र मास के नाम जैसे माघ, फाल्गुन आदि का भी प्रयोग होता है।  कुछ क्षेत्रों में चन्द्रमा के महीनों के नाम, जैसे माघ, फाल्गुन इत्यादि, को भी राशि चक्र में सूर्य की स्थिति के आधार पर सौर महीनों के लिए उपयोग किया जाता है।  इस वर्तमान पद्धति ने इस गलत अवधारणा को प्रेरित किया है कि दोनों, सौर महीने और चान्द्र महीने, वैदिक हैं। यह भी भ्रम है कि वर्ष की शुरुआत मधुमास अथवा चैत्र से है और इसकी मान्यता भी वेदों से ही है। वैदिक वर्ष की शुरुआत, वसंत ऋतु ,तथा मधु, माधव इत्यादि माह के नामों को सौरमास मानने के बारे में भी गलतफहमी है क्योंकि वेदों में जहाँ कहीं भी महीनों के नामों की सूची की चर्चा है वहाँ मधु हमेशा पहला महीना होता है।

इसलिए सबसे पहले हम समझने का प्रयास करें कि वैदिक प्रणाली वास्तव में क्या कहती है। वेदों में दो प्रकार के नाम महीने के लिए प्रयोग किए गयें हैं । संहिताओँ में हम हमेशा मासनामों को मधु, माधव आदि के रूप में पाते हैं । ब्राह्मणों और कल्पसूत्रों (श्रौतसूत्र और गृह्यसूत्र) में नक्षत्र पर आधारित नाम जैसे चैत्र, वैशाख आदि का प्रयोग किया गया है, जो नाम के हिसाब से नक्षत्र के साथ सम्बन्ध दिखाते हैं। संहिताओँ में इस्तेमाल किए गए नाम हमेशा अंहसस्पति के साथ जुड़े है। अंहसस्पति साल के तेरहवें महीने का, यानी की अधिकमास का, वैदिक नाम है। और अधिकमास केवल चान्द्रवर्ष में ही हो सकता है, सौर में नहीं (अधिकमास का वर्णन इस लेख-शृंखला के बाद के भागों में किया जाएगा)।  इसके अलावा एक वर्ष में १२ महीने या १३ महीने होने का उल्लेख, और हर महीने के दो अर्धमास (पक्ष) में बँटे (इन को क्रमशः शुक्ल पक्ष और कृष्ण पक्ष कहते हैं) होने का वर्णन भी वेद के मधु, माधव इत्यादि महीनों का चान्द्र महीने होना ही सिद्ध करता है। इस प्रकार वेदों में पाए जाने वाले दो प्रकार के नामों को समानार्थक जाना जाता है। इसका प्रमाण वेदों के सभी भाष्यों और साथ ही साथ अन्य प्राचीन ग्रन्थों में, जहाँ-जहाँ भी इनकी चर्च हुई है, भी मिलता है। हालांकि वेदांग-ज्योतिष में सौर गणितीय मानों के संदर्भ में, “१२ सौर महीने / १२ सूर्य” (श्लोक २८) का उल्लेख है। लेकिन कहीं भी, वेदों में या वेदांग-ज्योतिष सहित परम्परा से प्रमाणित वेदांगो में, सौर महीनों का कोई भी नाम नहीं दिया गया है।  इस प्रकार आसानी से यह माना जा सकता है कि सौर महीनों के बारे में बयान सिर्फ़ गणितीय उद्देश्य के लिए है।  इसी प्रकार सुश्रुत संहिता (सूत्रस्थान ६/१०) और आयुर्वेद के सभी प्राचीन ग्रन्थों में चान्द्र महीनों के आधार पर ही ऋतुओं का उल्लेख किया गया है।  साथ ही साथ आयुर्वेद की ऋतुचर्या (आहार विहार) के लिए भी चाँद्र महीनों का ही इस्तेमाल किया गया है। इस से यह स्पष्ट है कि वैदिक महीने चान्द्र महीने ही हैं और वेदों में सौर महीने नहीं हैं ।

३. सौर-चान्द्र उत्तरायण क्या है और वैदिक वर्ष उसके पहले दिन के साथ क्यों शुरू होता है?

वैदिक प्रणाली में, जहाँ सम्पूर्ण व्यावहारिक महीने, ऋतु और वर्ष शुक्ल प्रतिपदा से ही शुरू होते हैं, सौर उत्तरायण संक्रान्ति के दिन को महीने या वर्ष के शुरुआत के रूप में नहीं इस्तेमाल किया जा सकता है। वेदांग-ज्योतिष में-

माघशुक्लप्रपन्नस्य पौषकृष्णसमापिन:।

युगस्य पञ्चवर्षस्य कालज्ञानं प्रचक्षते।। ५।।

कहकर काल के ज्ञान को माघ महीने के शुक्ल प्रतिपदा से शुरु होकर पौष महीने के अमावस्या में ख़त्म होने  वाले पाँच वर्षों के युग के रूप में बताया गया है (यह माघ वो नहीं है जो प्रचलन में है, जिसे नीचे समझाया जाएगा) । माघ को विभिन्न पुराणों में भी वर्ष के पहले महीने के रूप में दिखाया गया है:

वर्षाणामपि पञ्चानामाद्य: संवत्सर: स्मृत:।

ऋतूनां शिशिरश्चाऽपि मासानां माघ एव च ।। ब्रह्माण्डपुराण (पूर्वभाग २४।१४१) वायुपुराण (१।१५३।११३) लिङ्गपुराण (१।६१।५२) ।

अर्थात्- पाँच वर्षों में (वैदिक युग के ५ वर्षों में) संवत्सर पहला वर्ष है, ऋतु में (पहला है) शिशिर और महीनों में (पहला है) माघ।

अधिकमास या मलमास वैदिक प्रणाली में (केवल अयन के अन्त्य में) उपयुक्त फ़ासले (तीस या छत्तीस महीने के अन्तराल) पर जोड़ा जाता है। ऐसा इसलिए किया जाता है जिससे की पृथ्वी का सूरज के चारों ओर घूमने वाली सालाना गतिविधि की वजह से होने वाले ऋतु परिवर्तन और चाँद्र महीनों में सामंजस्य बना रहे।

इससे यह तात्पर्य निकलता है कि वैदिक माघ (तप:) का महीना हमेशा वास्तविक उत्तरायण संक्रान्ति के आसपास होता है। इस ऋतुबद्ध माघ (तप:) में वैदिक वर्ष की शुरुआत होती है, ऐसा ऊपर की चर्चा से स्पष्ट

है। साथ ही साथ वैदिक परम्परा में देवस की अवधारणा पुनः इस बात की पुष्टि करता है। यज्ञों के समय निर्धारण में ऋतुएँ स्पष्ट रूप से महत्त्वपूर्ण हैं। ऋतुओं का कृषि एवं खेती-बाड़ी से भी सीधा सम्बंध है। हालाँकि वर्तमान पद्धति में त्योहारों का समय ऋतु में आधारित वैदिक प्रणाली के विपरीत निरयण प्रणाली (नक्षत्र से सम्बद्ध प्रणाली) के अनुसार होता है, वैदिक प्रणाली का प्रचलन वसन्त पञ्चमी (सरस्वती पूजा) जैसे त्योहारों में देखा जा सकता है। वसंत पंचमी ज्यादातर वैदिक सौर-चान्द्र वसन्त ऋतु में ही (इस वर्ष १ फरवरी को) मनाया जाता है। जबकी वर्तमान प्रणाली के अन्तर्गत यह पर्व शिशिर ऋतु में माघ-शुक्ल पंचमी होना चाहिए। पर वास्तव में वैदिक प्रणाली के अनुसार मधु-शुक्ल-पञ्चमी (चैत्र-शुक्ल-पञ्चमी) ही वसंत पंचमी है ।

वेदों में जहाँ-जहाँ महीनों के नाम आते हैं वहाँ मधु (वसन्त ऋतु का पहला महीना) का पहले उल्लेख किया गया है। इस लिये भी यह भ्रम पैदा हुआ है कि यह वैदिक वर्ष का पहला महीना है । वास्तव में यह अग्न्याधान और संस्कारों के लिए अलग-अलग वर्णों के लिए निर्धारित ऋतु के क्रम से संबंधित है। वसन्त को प्रथम वर्ण अर्थात् ब्राह्मण वर्ण के लिए निर्धारित किये जाने से पहला उल्लेख वसन्त ऋतु का किया गया है । यह बात श्रौतसूत्र, गृह्यसूत्र और वेदाङ्ग-ज्योतिष की सोमाकर-भाष्य से भी स्पष्ट हो जाती है ।

४. मनुष्य के वर्ष को देवों का दिन क्यों कहा जाता है?

मानव उपयोग के लिए जो एक वर्ष होता है उसको वैदिक परम्परा में देवों का एक दिन अथवा अहोरात्र (अर्थात् दिन और रात) माना जाता है। उनके लिए उत्तरायण दिन होता है और दक्षिणायन रात । इस अवधारणा को वेदों, स्मृतियों और पुराणों में भी स्पष्ट रूप से बताया गया है:

देवों का एक दिन एक वर्ष होता है ।– तैत्तिरीयकृष्णयजुर्वेदब्राह्मण । (३/९/२२/१)

जब वह (सूर्य) उत्तर की ओर बढ़ रहा होता है, वह देवों के मार्ग में जा रहा होता है और देवों की रक्षा करता है ।– माध्यन्दिनीय-वाजसनेयि-शुक्लयजुर्वेद-शतपथब्राह्मण । ( २/१/३/३)

दैवे रात्र्यहनी वर्षम् प्रविभागस् तयो: पुन:।

अहस् तत्रोदगयनं रात्रि: स्याद्दक्षिणायनम् ।। मनुस्मृति (१/६७), महाभारत (१२/२३१/१७)

अर्थात्- एक दिव्य दिन और रात मानव उपयोग के लिए एक वर्ष है । दिन उत्तरायण और रात दक्षिणायन है ।

इसी श्लोक का उल्लेख ब्रह्माण्ड-पुराण आदि पुराणों में भी किया गया है।

क्योंकि वर्ष, अयन, ऋतु, महीना सभी व्यावहारिक उद्देश्यों के लिए शुक्ल प्रतिपदा से ही शुरू होते हैं, जैसा की ऊपर की चर्चा में स्पष्ट है,  दैव दिन और वैदिक वर्ष भी माघ शुक्ल प्रतिपदा से ही शुरू होता है। यह ज्यादातर वास्तविक सौर उत्तरायण के ठीक पहले की शुक्ल प्रतिपदा है (जिस वर्ष अधिकमास होता है, तब माघ शुक्ल प्रतिपदा सौर उत्तरायण के कुछ दिन बाद भी जा सकती है)। उदाहरण के लिए, वर्तमान वैदिक वर्ष ३० नवंबर २०१६ (उत्तरायण संक्रान्ति से २२ दिन पहले) प्रारम्भ हुआ, क्योंकि यह शुक्ल प्रतिपदा उस संक्रान्ति के ठीक पहले थी। और अगला वर्ष अधिकमास होने के कारण १८ दिसंबर २०१७ पर पड़ने वाली शुक्लप्रतिपदा को (सौर उत्तरायण दिन से ३ दिन पहले) प्रारम्भ होगा । हर १९ वर्षों मे ये दोनों (शुक्ल प्रतिपदा और उत्तरायण संक्रान्ति) एक ही दिन में पड़ते हैं ।

इस शृंखला के अगले लेख में, हम वैदिक समय माप करने की प्रणाली की इकाईयाँ, सौर वर्ष में वास्तविक उत्तरायण और सम्पात दिनों की पहचान करने के लिए व्यावहारिक प्राचीन विधि, और वैदिक अधिकमास पर चर्चा करेंगे।

टिप्पणी : इस लेख में उल्लिखित वेदाङ्ग-ज्योतिष की श्लोक संख्याएँ यजुर्वेदी वेदाङ्ग ज्योतिष की श्लोक संख्या को दिखाती हैं ।

शब्दावली

अयन = एक वर्ष का आधा जो सूर्य की स्पष्ट वार्षिक गति के आधार पर विभाजित है । उत्तरायण संक्रान्ति से छः महीनों में सूर्य उत्तर की तरफ जाता दिखाई देता है जिसे उत्तरायण कहा जाता है।  फिर अगले छः महिनों में सूर्य दक्षिणी बिन्दु पर वापस आता  दिखाई देता है जिसे दक्षिणायन कहते है । वैदिक पद्धति में इस्तेमाल किए जाने वाले सौर-चान्द्र उत्तरायण और दक्षिणायन क्रमश: इन बिन्दुओं के नजदीक पड़ने वाली शुक्ल प्रतिपदा से शुरू होते हैं ।

अयनचलन (संक्रान्ति / विषुव का चलन)  = संक्रान्ति / विषुव के समय पृष्ठभूमि बिन्दु का चलन (जहां सूर्य दिखाई देता है) । ऐसा इसलिए होता है क्योंकि नाक्षत्र वर्ष की तुलना में सौर वर्ष कम (लगभग 20 मिनट छोटा) होता है।

निरयण प्रणाली = अयनचलन को ध्यान न देकर सूर्य / चन्द्र की स्थिति (पृष्ठभूमि में स्थित नक्षत्र) के आधार पर महीनों / त्योहारों का निर्धारण करने की अर्वाचीन प्रणाली । सायन प्रणाली में अयन चलन को ध्यान में रखा जाता हैं।

शुक्ल-पक्ष =  अमावस के दूसरे दिन (शुक्ल-प्रतिपदा) से पूर्णिमा  तक का भाग। जहाँ चाँद का सूरज की रोशनी से उजाला भाग पृथ्वी से क्रमश: बढ़ता दिखाई देता है ।

कृष्ण-पक्ष = महिने में पूर्णिमा के अगले दिन(कृष्ण-प्रतिपदा) से अमावस तक का भाग(जिस दिन चन्द्रमा दिखाई नहीं देता है)

चान्द्रमास = वैदिक पद्धति में उस २९ या ३० दिनों का समय (वास्तविक अवधि लगभग २९ .५ दिन) को महीना कहा जाता है,  जो अमावस के अगले दिन (शुक्ल प्रतिपदा) से अगले अमावस के दिन (अमावस्या) तक का होता है । (इसे अमान्त मास कहते हैं । (अमावस को समाप्त होने वाले चान्द्र महीने ही वैदिक प्रणाली में मुख्य रूप में उपयोग किये जाते हैं)

प्रमुख आधारग्रन्थ

१. माध्यन्दिनीयवाजसनेयिशुक्लयजुर्वेद (मन्त्रसंहिता और शतपथब्राह्मण )

२. तैत्तिरीयकृष्णयजुर्वेदसंहिता और ब्राह्मण

३. मैत्रायणीयकृष्णयजुर्वेदसंहिता

५. पारस्करगृह्यसूत्रम्

६. वेदाङ्गज्योतिषम् – सोमाकरभाष्य तथा कौण्डिन्न्यायनव्याख्यान और हिन्दी अनुवाद सहित;

शिवराज आचार्य कौण्डिन्न्यायन, चौखम्बाविद्याभवन (२००५)

७. मनुस्मृति:

८. ब्रह्माण्डपुराणम्

९. वायुपुराणम्

१०.सुश्रुतसंहिता ।।

वेदादिक शास्त्र ग्रन्थों की प्रबलता का क्रम

वेदादिशास्त्रग्रन्थों की प्रबलता का क्रम ------------- माध्यन्दिनीय-वाजसनेयि-शुक्लयजुर्वेद के अनुयायियों के लिए शास्त्र-ग्रन्थों की मान्यता ...